जौनपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षक हितों की अनदेखी कर रही है। कई चक्रों में सरकार से शिक्षक समस्याओं को लेकर वार्ता हुई लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई। समस्याओं को लेकर शिक्षक संघ जुलाई से आंदोलन शुरू करेगा। प्रांतीय चेत नारायण सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में जुलाई में होने वाले आंदोलन की रणनीति तय की गई है। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि तीन से 21 जुलाई तक विद्यालयों में संपर्क कर नौ जुलाई को कलम बंद हडताल किया जाएगा। 23 से 30 जुलाई तक मंडल के विभिन्न जनपदों में डीआईओएस कार्यालय के सामने धरन प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। जुलाई में ही पुरानी पेंशन व्यवस्था को लेकर संसद सदस्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री को पत्रक भेजकर शिक्षकों की समस्या से अवगत कराया जाएगा। 9 अगस्त को क्रांति दिवस के अवसर पर मशाल जुलूस निकालकर सरकार को चेतावनी दी जाएगी। 12 से 31 अगस्त कर जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 5 अगस्त को लखनऊ में राज्यपरिषद की बैठक में समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद भी यदि सरकार शिक्षकों की समस्या का निस्तारण नहीं करती है तो सितंबर माह में विधान सभा का घेराव करने को संगठन बाध्य होगा। जनपद संयोजक सरोज सिंह ने बताया कि वर्तमान मूल्यांकन का पारिश्रमिक का समस्त देयक इसी माह तक सबको प्राप्त हो जाएगा। इस मौके पर डा. राकेश सिंह, नरसिंह बहादुर सिंह, सुधाकर सिंह, प्रमोद सिंह, दयाशंकर यादव, चन्द्रप्रकाश दुबे आदि उपस्थित रहे।