थानागद्दी। चंदवक थाना क्षेत्र के भदवार स्थित ऐतिहासिक रामजानकी धाम परिसर में काशी से आए आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि विधान पूर्वक नवनिर्मित मंदिर में राधा और कृष्ण की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की। बालक स्वामी आश्रम पड़ाव वाराणसी के महंत स्वामी घनश्यामाचार्य के नेतृत्व में सात दिन से चल रहे लक्ष्मी महायज्ञ में भागवत सप्ताह के बाद पूर्णाहुति के साथ ही प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न हुआ। पं. विनोद शास्त्री के नेतृत्व में काशी से आए पांच आचार्यो के मंत्रोच्चार से समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व राधा-कृष्ण की प्रतिमा को गाजे बाजे के साथ जयकारा लगाते हुए गांव का भ्रमण कराया। सात दिवसीय इस कार्यक्रम में राजस्थान के रामबालक दास त्यागी, साध्वी सत्या जबलपुर, कोलकाता के कृष्णानन्द महराज, सोनभद्र से जावित्री पाण्डेय, अमरनाथ, श्यामनारायण ने प्रवचन सुनाकर सभी को भाव विभोर कर दिया। इस अवसर पर वायु सेना के ग्रुप कैप्टन घनश्याम गुप्त, सुभाष यादव प्रमुख चोलापुर,दीपक सिंह, पन्नालाल पहलवान, भैयालाल यादव ,कृष्णदास आदि उपस्थित रहे।