बदलापुर/घनश्यामपुर। पीली नदी सूख गई है। नदी में कहीं चुल्लू भर भी पानी नहीं हैं। यह गोमती की सहायक नदी है और इसके सूखने का सीधा असर जौनपुर की जीवन रेखा मानी जाने वाली गोमती पर पड़ रहा है। इसके अलावा भूजल का स्तर भी घट रहा है। नदी सूखने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद बदलापुर के विधायक रमेशचंद्र मिश्र इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने की बात कही है। उन्होंने जिलाधिकारी से बात कर नदी में नहरों का पानी छोड़ने को कहा है।
पीली नदी सूूखने के कारण उस पर जगह-जगह अवैध कब्जे भी होने लगे हैं। कुछ लोग खेती कर रहे हैं। इसके नदी का अस्तित्व ही संकट में है। सुल्तानपुर में एक झील से निकलने वाली पीली नदी का जलस्रोत भूजल है। भूजल स्तर कम होने के कारण नदी की सेहत खराब है। अब इसमें बरसाती पानी ही आता है और वह भी मार्च महीने में सूख जाता है। नदी के सूखने से जौनपुर जिले के 30 से अधिक गांवों में पशुओं के लिए पीने के पानी का अभाव हो गया है। नदी में पानी नहीं होने की वजह से जल का सतह भी नीचे तेजी से जा रहा है। अब पीली बरसाती नदी रह गई है।
दो वर्ष पहले विनयका, डेहुणा, एकडला, दयालापुर, लालगंज, आहोपुर, सिरकिना, करनपुर, पहितियापुर, खजुरन, फत्तूपूर, मरगूपुर, कस्तूरीपुर आदि गांवों के पास नदी में पानी बनाए रखने के लिए चेकडैम बनवाया गया था। नहरों से पानी छोड़कर नदी लबालब भर दिया गया था। एक चेकडैम से दूसरे के बीच पानी ही पानी दिखता था। गुगौलीकला सहित कई जगहों का चेकडैम टूट गया जिससे पानी का ठहराव नहीं हो पा रहा है। सुरक्षित चैकडैम के अभाव में पानी नहीं रूक रहा है। सपा शासन में पीली नदी में जल संरक्षण हेतु सिरकिना, करनपुर, पहितियापुर, दुगौलीकला, शाहपुर, डढिया, बदलापुर खुर्द में चैकडैम का निर्माण कराया गया था। दुगौलीकला, डढिया तथा बदलापुर खुर्द का चेकडैम पहली ही बारिश में बह गया। अब पीली नदी में धूल उड़ रही है। करोड़ों की लागत से बना चेकडैम मुंह चिढ़ा रहा है। खजुरन निवासी प्रमोद शुक्ल मोनू, फत्तूपुर गांव निवासी रामधारी सिंह, ग्राम बबुरा के ग्राम प्रधान रविप्रकाश सिंह कक्कू, ठेगुआ निवासी ज्योति कुमार सिंह, पहितियापुर के महेंद्र कुमार दुबे आदि ने क्षेत्रीय विधायक और डीएम चेकडैम को दुरुस्त कराने और पानी छोड़ने की मांग की थी। विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने जिलाधिकारी से बात की है।
पीली नदी का अस्तित्व समाप्त नहीं होने दिया जाएगा। नदी की स्थिति सुधारने के लिए अधिकारियों से बातचीत की गई है। इस मामले को विधानसभा में उठाऊंगा। जिलाधिकारी से नदी में पानी छोड़ने की व्यवस्था करने को कहा है। नदी के अस्तित्व को बरकरार रखने के लिए लोगों ने भी मुझसे मिलकर अवगत कराया है।-रमेश चंद्र मिश्र, बदलापुर विधायक