सिकरारा। महिला समाख्या की जिला सन्दर्भ दाता सुशीला ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर सभी ब्लाक की 1119 ग्राम पंचायतों में महिला एवं बाल अधिकार मंच का गठन किया जा रहा है। इसमें सरकार के महिला एवं बल विकास विभाग यूनिसेफ के सहयोग से महिला समाख्या द्वारा कार्यक्रम संचालित होगा।
बुधवार को ब्लाक सभागार में महिला एवं बाल अधिकार मंच के गठन के लिए आयोजित बैठक में उन्होंने बताया कि प्रदेश के वाराणसी, इलाहबाद, बहराइच, जौनपुर सहित सात जिलों को पहले चक्र में चुना गया है। इस मंच के गठन से समाज फैली बहुत सारी बुराइयों को समाप्त करने में मदद मिलेगी। महिला समाख्या की ब्लाक प्रभारी सुनीता गुप्ता ने मंच के गठन के उद्देश्यों की चर्चा करते हुए बताया कि प्रदेश में पहली बार इस तरह के मंच के गठन में ग्राम प्रधान के साथ साथ समाज की प्रभावशाली महिला, सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व सैनिक, सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े कलाकार, चर्चित व्यक्ति, किशोर-किशोरी, बच्चों के माता पिता को मंच में सीधे भागीदारी दी गयी है। इससे महिलाओं के साथ हो रही दहेज हत्या, दुराचार ,यौन शोषण, बाल विवाह, बाल मजदूरी , कन्या भ्रूण हत्या, अशिक्षा जैसी सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए नियमित कार्यक्रम चलाए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीडीओ प्रीती तिवारी ने किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। यूनिसेफ के सहयोग से यह कार्य क्रम संचालित कराया है। इसके दूरगामी परिणाम से इस क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में सुषमा, रेखा, एडीओ अरुण पांडेय, प्रदीप श्रीवास्तव, सुनील सिंह आदि मौजूद थे।