जौनपुर। पूर्व एमएलसी एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग चेयरमैन सिराज मेहंदी ने मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया। वह लंबे अर्से से इस पद को संभाल रहे थे। आल इंडिया कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का अध्यक्ष नदीम जावेद को बनाए जाने के बाद उनके इस्तीफा देने के राजनीतिक निहितार्थ निकाले जा रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद , अशोक गहलोत व प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को भेजे इस्तीफे में कहा है कि एक व्यक्ति एक पद का मैं पक्षधर हूं। उनके पास दो पद थे इसलिए एक से इस्तीफा दे दिया है। प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर कार्य करते रहेंगे। अपने त्यागपत्र में भले ही उन्होंने एक व्यक्ति एक पद की बात कही हो लेकिन उनके इस्तीफे को नदीम जावेद को अल्पसंख्यक विभाग का अध्यक्ष बनाए जाने से जोड़ कर देखा जा रहा है। त्यागपत्र नदीम की नियुक्ति के बाद ही आया है। इससे अटकलों और बल मिला है। नदीम जावेद सिराज मेहंदी से जूनियर हैं। दोनों मूल रूप से जौनपुर के निवासी हैं। कहा जा रहा है कि नदीम जावेद के अधीन रहकर काम करना सिराज मेहदी को गवारा नहीं था। ब्यूरो