जौनपुर। मौसम दिन प्रतिदिन गर्म होता जा रहा है। इधर एक सप्ताह से हर रोज पारा बढ़ रहा है। लोग धूप में निकलने से परहेज करने लगे हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 से अधिक हो गया है। गर्मी और उमस से लोग परेशान हो गए हैं। स्कूलों में बच्चों की छुट्टी तो हो गई है लेकिन नौकरी पेशा और कामकाजी लोगों को काफी परेशानी गर्मी से हो रही है। रविवार को अधिक 42 और न्यूनतम 28 था जो सोमवार को बढ़कर 43 हो गया। दोपहर में निकलने पर लोगों के चेहरे झुलस जा रहे हैं। महिलाएं मुंह बांधकर चल रही हैं। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को हो रही है। गर्मी से बच्चे बेहाल हैं। कूलर और एसी भी गर्मी से लोगों को राहत नहीं दिला पा रहा है। पंखे गर्म हवा दे रहे हैं। और प्राकृतिक हवा लोगों को नसीब नहीं हो पा रहा है। सोमवार की दोपहर में शहर में सन्नाटा पसर गया। जो लोग सड़क पर दिखे भी वह अपना मुंह कपड़े से बांधे हुए थे। गर्मी के बाद ठंडा पानी पीने की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। अस्पतालों में सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।