जौनपुर। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली ने भी नखरे दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार की रात में तारापुर, सहकारी कालोनी,उमरपुर, रूहट्टा, मछलीशहर पड़ाव, नईगंज सहित कई इलाकों में कई बार बिजली कटी और आई। लोग ठीक से सो नहीं पाए। ऐसा रोजाना होता है। मौजूदा समय में सबसे अधिक परेशानी रोजेदारों को हो रही है। रविवार को सहकारी कालोनी में केबिल फाल्ट बिजली गुल हो गई। तीन घंटे की मशक्कत के बाद गड़बड़ी दूर हुई। ग्रामीण अंचलों में आपूर्ति का शेड्यूल ध्वस्त हो गया है।
गर्मी में बिजली की मांग बढ़ गई है। इससे विद्युत वितरण प्रणाली की परीक्षा होने लगी है। रात को लोड बढ़ते ही ट्रिपिंग शुरू हो जाती है। पुराने जर्जर तार गलकर टूटने लगते हैं। इसके चलते बिजली की आवाजाही होती रहती है। सहकारी कालोनी में रविवार की दोपहर में केबिल में आग लगने से मोहल्ले में अफरा- तफरी मच गई। लोगों के आने - जाने का रास्ता बंद करा दिया गया। तीन घंटे की मशक्कत के बाद इसे ठीक कराया जा सका। अधिशासी अभियंता एससी सोनौदिया का कहना है कि जल्द ही इसे ठीक कराकर आपूर्ति दुरुस्त करा दी जाएगी।
धर्मापुर क्षेत्र में मनमानी विद्युत कटौती से लोग ठीक से सो ेनहीं पा रहे हैं। कबिरूद्दीनपुर फीडर से धर्मापुर बाजार, किरतापुर, आनंदपुर, सरैया, पहेतियां, वजहुद्दीनपुर, उत्तरगावां, राजेपुर, तर्संड, कमरूद्दीनुपर, बालेमऊ, मुस्तफाबाद, केसवपुर, आदि गांवो में महज 5- 6 घंटे आपूर्ति की जा रही है।
मछलीशहर इलाके में रात में भी चार घंटे बिजली कईं बार में मिल रही है। जमालपुर फीडर पर मीरपुर, मजार,खजुरी पतुलकी इसी प्रकार बंधवा बाजार फीडर पर बरावा मुश्लिम बाहुल्ल आबादी वाले गांव है। इन फीडरों पर छह से सात घंटे बिजली मिल रही है। उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि के बाद भी आपूर्ति चरमराई हुई है। 20 मिनट लगातार आपूर्ति नहीं हो पा ही है।
ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ा, दो दिनों से अँधेरा
मछलीशहर। नगर से दो किमी दूरी पर स्थित आनापुर गाँव में लगे ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ जाने से आनापुर कुरनी गाँव के कई मजरों में दो दिन से बिजली गुल है। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन से ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ने की शिकायत विभाग से की जा रही है। किन्तु फ्यूज नहीं बांधा गया। गाँव के सुन्दर तिवारी, नन्हें उपाध्याय, सुरेन्द्र यादव, विनोद तिवारी, अशोक यादव आदि का कहना है कि शिकायत के बाद भी विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर का फ्यूज अभी तक नहीं बनाया गया। अवर अभियंता विकास यादव का कहना है कि लाइनमैन को भेजकर जल्द ही समस्या का निदान करवाया जायेगा।