जौनपुर। जिले में 15 स्थानों पर खुले में ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। इनके चारों तरफ जाली भी नहीं लगाई गई है। इससे सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।
शहर में लगभग 40 हजार उपभोक्ता को 400 ट्रांसफार्मरों के जरिए विद्युत आपूर्ति की जाती है। सुरक्षा के मद्देनजर अब शहर में भूमिगत केबल बिछाई जा रही है।
शहर को तारों के जाल से मुक्त करने के लिए भूमिगत तार बिछाए जा रहे हैं। इससे फाल्ट की समस्या समाप्त होगी और निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति करना संभव हो पाएगा। इसके साथ ही तार टूटने से होने वाले खतरों से भी बचा जा सकेगा। यह काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इस बीच शहर में खुले में रखे ट्रांसफार्मरों से सुरक्षा के लिए बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। विभाग इसको लेकर कितना गंभीर है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अभी भी शहर में लगभग 15 स्थानों पर चबूतरे पर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। जिसमें रुहट्टा, अंबेडकर तिराहा, चांदमारी आदि स्थानों पर खुले में ट्रांसफार्मर रखे गए हैं। इनको जाली से घेरा तक नहीं गया है, जिससे ही समय दुर्घटना होने का डर बना रहता है। अधिशासी अभियंता एससी सनोरिया ने बताया कि चबूतरे पर खुले में रखे ट्रांसफार्मरों के चारो तरफ जाली लगाने का कार्य शीघ्र शुरु किया जाएगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है।