जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्घ कालेजों की लापरवाही के चलते प्रायोगिक और मौखिक परीक्षा के नंबर की फीडिंग में विलंब हो रहा है। निर्देश के बावजूद 50 फीसदी से अधिक कालेजों ने अभी तक न ही प्रैक्टिकल कराया और न ही उसका अंक विश्वविद्यालय को भेजा है। जिसके चलते कम्प्यूटर में डाटा फीडिंग का काम नहीं हो पाया है। कुलपति ने समीक्षा बैठक में भी कालेजों को निर्देश दिया था कि सभी कालेज समय से प्रायोगिक परीक्षा और मौखिक परीक्षा कराकर उसका नंबर विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दें। ताकि समय से डाटा फीडिंग का कार्य करा दिया जाए। मूल्यांकन होने के बाद परीक्षा का अंक चढ़ाकर समय से रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। लेकिन कालेजों की लापरवाही के चलते अधिकांश कालेजों में अभी तक प्रायोगिक और मौखिक परीक्षाएं नहीं कराई जा सकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 30 मई तक विश्वविद्यालय के मुख्य परीक्षा का रिजल्द घोषित करने का खाका तैयार कर चुका है। उससे पहले मूल्यांकन कार्य पूरा करने के साथ-साथ प्रायोगिक परीक्षाएं सम्पन्न करानी है। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह का कहना है कि 70 फीसदी मूल्यांकन का कार्य पूरा हो चुका है। कालेजों से प्रैक्टिकल का अंक नहीं आने के कारण डाटा फीडिंग नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि कालेज समय से प्रायोगिक परीक्षा कराकर उसका अंक विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दें ताकि समय से रिजल्ट घोषित करने में कोई अड़चन न आए।