सिरकोनी। जौनपुर-देवकली मार्ग के बीच जफराबाद से बेलावं तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य धीमी गति से चल रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। धूल और गंदगी से व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
कबूलपुर के व्यापारी अरविंद गुप्ता का कहना है कि जब भी वाहन गुजरते हैं धूल उड़ती है। इससे दुकान में रखा सामान खराब हो रहा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों तरफ खुदाई और मिट्टी गिराने का काम किया जा रहा है, लेकिन उसकी रफ्तार बेहद सुस्त है। मिट्टी का ढेर गर्मी में सूख कर उड़ने लगा है। तेज हवा चलती है तो सड़क से उठने वाला धूल घरों व दुकानों में भर जाती है। पानी का छिड़काव करके लोगों को इससे निजात दिलाई जा सकती है। जफराबाद मुख्य बाजार को छोड़कर कार्यदायी संस्था ने पुराने मछहरट्टे से लल्लापुर स्टेशन पड़ाव सड़क के दोनों तरफ खुदाई कराकर मलबा वहीं पर छोड़ दिया गया। जफराबाद कस्बे की स्थिति यह है कि यहां पर पूर्व में नगर पंचायत द्वारा सड़क के दोनों तरफ इंटरलाकिंग कार्य कराया गया था। इंटरलाकिंग ईंट उखाड़कर सड़क पर ही रख दी गई है।