जौनपुर। जिले में 10 हजार और किसानों का कृषि ऋण माफ किया जाएगा। बैंकों और कृषि विभाग की लापरवाही के चलते इन किसानों का कर्ज माफ नहीं हो पाया था। इसकी शिकायत 14 हजार किसानों ने की थी, जिसमें दस हजार अर्ह पाए गए हैं। उनके कर्ज की माफी के लिए शासन से धन की मांग की गई है।
जिले में बैंक की गड़बड़ी से कई किसानों को अभी तक फसली ऋण मोचन योजना का लाभ नहीं मिल सका है जबकि वे योजना का लाभ पाने के लिए पात्र थे। ऐसे किसानों द्वारा किसान कर्ज राहत पोर्टल पर आनलाइन शिकायत की गई थी। इस दौरान अभी तक जिले में कुल 14 हजार किसानों ने आनलाइन शिकायत की है। शिकायतों की जांच कृषि विभाग ने बैंकों और तहसील से कराई। इसमें पाया गया कि 10 हजार किसान ऐसे हैं, जिन्हें योजना का लाभ मिलना चाहिए था। इन किसानों को योजना से लाभान्वित करने के लिए कृषि विभाग ने शासन से धन की मांग की है।
कोट:
जिले में आए शिकायतों में से 10 हजार शिकायतें सही पाई गईं। इन शिकायतों से संबंधित किसानों का ऋण माफ करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। धन की मांग की गई और पैसा मिलते ही कर्ज माफ कर दिया जाएगा।-अमित कुमार चौबे, जिला कृषि अधिकारी