जौनपुर। तय अवधि बीतने के बाद भी रोडवेज का भवन का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में यात्रियों को चिलचिलाती धूप में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। बस स्टेशन से प्रतिदिन लगभग सात हजार यात्री सफर करते हैं।
रोडवेज स्टेशन के भवन को तोड़कर नया निर्माण कराया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी यूपी प्रोजक्ट कारपोरेशन लिमिटेड को दी गई है। भवन का निर्माण 31 मार्च तक हो जाना था लेकिन कार्यदायी संस्था की सुस्ती के चलते काम पूरा नहीं हुआ जबकि तीन करोड़ 16 लाख 57 हजार रुपये इस मद में जाराी किए जा चुके हैं। ऐसे में यात्रियों को धूप में खड़ा होकर बस का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही यात्री सुविधाएं भी डिपो में नहीं है।
जौनपुर रोडवेज डिपो से विभिन्न स्थानों के लिए कुल 99 बसों का संचालन किया जाता है। इसमें परिवहन निगम की 91 और आठ अनुबंधित बसें शामिल हैं। बसों का संचालन लखनऊ, फैजाबाद, सुल्तानपुर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, मऊ आदि स्थानों के लिए किया जाता है। रोजाना लगभग नौ लाख रुपये की आय निगम को होती है। लगभग सात हजार यात्री सफर करते हैं।