करंजाकला (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सोमवार की दोपहर मूल्यांकन के दौरान हृदयाघात से एक शिक्षक की मौत हो गई। मूल्यांकन केंद्र पर तैनात शिक्षक और कर्मचारी उन्हें आनन फानन में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें घोषित कर दिया। शिक्षक की मौत के बाद शोक कर सभी मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य बंद कर दिया गया। कुटीर महाविद्यालय चक्के के हिंदी के शिक्षक डा. सूर्यप्रकाश मिश्र (50) सोमवार को विश्वविद्यालय के फार्मेसी मूल्यांकन केंद्र पर कापी जांच रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे अचानक उनके सीने में दर्द हुआ और कुर्सी से नीचे गिर गए। उनके गिरने के बाद मूल्यांकन केंद्र पर अफरातफरी मच गई। मूल्यांकन केंद्र के समन्वयक डा. अखिलेश्वर शुक्ल सहयोगियों के साथ उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डा. मिश्र शहर के भगौती कालोनी में आवास बनाकर रह रहे थे। शव घर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। इस मौके पर रजिस्ट्रार सुजीत कुमार जायसवाल, संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।