जौनपुर। भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधान परिषद के सदस्य विद्यासागर सोनकर ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती को दलितों के बिछुड़ने का डर सता रहा है। उन्हें भय है कि वर्ष 2014 और 2017 की तरह ही 2019 के चुनाव में दलित भाजपा के साथ चले गए तो उनका क्या होगा।
शनिवार को एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर के सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं। इससे भयभीत होकर मायावती गलत बयानबाजी कर दलितों को गुमराह करने में लगी हैं। सरकार दलितों को आत्म निर्भर बनाने और रोजगार के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये तक का कर्ज बिना किसी गारंटी के दे रही है। 2022 तक हर किसी के पास खुद का मकान होगा। इसका सर्वाधिक फायदा अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को होगा। बाबा साहब जाति विहीन, शोषण विहीन समतामूलक समाज की स्थापना के पक्षधर थे। उनके सपने को भाजडपा पूरा कर रही है। सौभाग्य योजना के तहत प्रदेश में 32 लाख विद्युत कनेक्शन दलितों को दिए गए। 8.85 लाख प्रधानमंत्री आवास में 6.50 लाख दलितों को मिले हैं। 40 लाख शौचालय में से 36 लाख दलितों के लिए बनाए गए हैं। छात्रवृत्ति में दलितों की हिस्सेदारी 70 फीसदी हो गई है। उन्होेंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव में रात्रि प्रवास कर गांवों में जनता को हकीकत बता रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, डा. दिनेश सिंह बब्बू. डा. अजय कुमार सिंह, शिक्षक नेता संतोष कुमार सिंह, राजेश श्रीवास्तव, आशीष गुप्त, ब्रहमदेव मिश्र, डा. मनोज वत्स, किरन श्रीवास्तव, अमित वत्स, सुरेंद्र सिंघानिया, राम सिंह मौर्य साथ रहे।