जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के दहेज हत्या आरोपी पति रवि यादव के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने जेल अधीक्षक से जवाब तलब किया है। हार्निया से पीड़ित बंदी का आरोप है कि उसका जेल में समुचित इलाज नहीं कराया जा रहा है जिससे उसकी मौत होने की संभावना है।
सिकरारा थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में दहेज की मांग को लेकर 4 फरवरी 2016 को पूजा की दहेज हत्या करने का पति रवि व सास पर आरोप है। आरोपी रवि जिला कारागार में बंद है। उसने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया है कि जेल में क्षमता से ज्यादा बंदी हैं जिससे बंदियों की हालत खराब है। वह स्वयं हार्निया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। उसकी आंत नीचे उतर जाती है। बीमारी अंतिम चरण में है। उसे बेतहाशा दर्द होता है। केवल दर्द की दवा उसे जेल में दी जाती है जिससे कुछ समय आराम हो जाता है। अविलंब बेहतर इलाज की आवश्यकता है लेकिन जेल अधीक्षक द्वारा समुचित इलाज नहीं कराया जा रहा है जिससे उसकी मौत हो सकती है। रवि के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने जेल अधीक्षक से जवाब तलब किया है। शनिवार को जेल से पेशी पर आए बंदी ने अपनी गंभीर हालत की दास्तां बयान की।
थानाध्यक्ष को अवमानना नोटिस जारी
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के शंभूनाथ बनाम राजीव मुकदमे में विवादित आराजी के संबंध में पारित स्थगन आदेश का अनुपालन न करने पर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) शहर ने थानाध्यक्ष बक्शा को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है कि आदेश का अनुपालन क्यों नहीं हुआ।