शाहगंज। कांग्रेसी नेता इन्द्रमणि दुबे के नेतृत्व में नागरिकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार चंद्रेश कुमार सिंह को देकर शाहगंज को जिला बनाए जाने की मांग है। सीएम को प्रेषित ज्ञापन में बताया कि यूपी में कानपुर के बाद सबसे बड़ा गल्ला करोबार, जिले में सर्वाधिक राजस्व देने वाली शाहगंज तहसील उपेक्षित है। पश्चिमी हिस्सा जिला मुख्यालय से 68 किमी दूर होने के चलते इस क्षेत्र के रहवासियों की समस्या का समाधान नहीं हो पाता। तहसील में फायर स्टेशन की सुविधा तक नहीं है। ज्ञापन में कहा कि चार अगस्त 2008 को बसपा सरकार में मुख्यमंत्री मायावती ने शाहगंज को जिला बनाने का प्रयास किया। जिसमें जिलाधिकारी व मंडलायुक्त के निर्देश पर उप जिलाधिकारी रहे बालमयंक मिश्रा ने विस्तृत रिपोर्ट भेजकर शाहगंज की भौगोलिक स्थिति को जिला बनने की मुहर लगाई थी। लेकिन इसी बीच निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना ने तहसील के पंद्रह लाख लोगों के सपने पर पानी फेर दिया। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से शाहगंज को जिला बनाने की अपील की गयी है। ज्ञापन देने वालों में जिला पंचायत सदस्य जया दुबे, आरटीआई एक्टिविस्ट कमलेश अग्रहरि, अधिवक्ता राजदेव यादव, धर्मेन्द्र यादव, शारिक खान, राजीव सिंह, कैलाश नाथ जायसवाल, सिकन्दर आलम, मकसूद सहन आदि रहे।