जौनपुर। शहर से लेकर ग्रामीणांचल में एटीएम या तो खराब पड़े हैं या उसमें ताले लटक रहे हैं। बैंकों की भी कमोवेश ऐसी स्थिति हो गई है। लोग शादी विवाह के दौर में पैसे के अभाव में संकट से जूझ रहे हैं। बैंकों में उनका पैसा पड़ा है। बावजूद इसके पैसे के लिए उन्हें दिन-दिन भर लाइन लगानी पड़ रही है। स्थिति धीरे-धीरे खराब होती जा रही है। बुधवार को बैंकों पर स्थिति काफी खराब थी। लोग पैसे के लिए परेशान थे। लेकिन उन्हें न तो एटीएम में पैसे मिल पाए और न ही बैंकों में समय से भुगतान हो पाया। जिले में तकरीबन 375 से अधिक आठ बैंकों के एटीएम शहर से लेकर ग्रामीणांचल तक स्थापित किए गए है। बैंकों की शाखाएं भी 200 से कम नहीं है। बावजूद इसके लोगों को पैसे नहीं मिल पा रहा है। लोग परेशान हैं और इधर-उधर चक्कर लगा रहे हैं। कुछ लोग तो जल्दबाजी के चक्कर में सूद पर पैसे लेकर काम चला रहे हैं। जबकि उनके लाखों रुपये बैंकों में पड़े हैं। कई जगह रुपये निकासी को लेकर कहासुनी और हो हल्ला भी हो रहा है। लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आ रहा है। ऐसी स्थिति तीन से चार दिनों से बनी हुई है। सिकरारा से आए रामनरेश ने बताया कि पूरे शहर के एटीएम का चक्कर लगा आए लेकिन दो-तीन जगह पर ही पैसा था। लेकिन वहां भीड़ लगी हुई थी। जल्दी की वजह से उन्हें उधार लेकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ी। व्यापारी नेता श्रवण जायसवाल का कहना है कि बैंकों और एटीएम से पैसे नहीं मिलने की वजह से व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। व्यापारी परेशान हैं। मछलीशहर: नगर में विभिन्न बैंकों के एटीएम स्थापित है। किंतु मौजूदा समय में सभी एटीएम खाली पड़े हैं। पिछले सप्ताह से ही बैंकों द्वारा मशीन में पैसा डालना बंद कर दिया गया है। हर बैंक शाखा के अंदर से ही अपने ग्राहकों को ही पैसा दे रही है। एटीएम कार्ड के जरिए अन्य बैंकों के ग्राहक दूसरे बैंक एटीएम से भुगतान ले लेते थे। कुछ बैंक अपने शाखा के अंदर स्क्रैच मशीन से एटीएम कार्ड स्क्रैच करके भुगतान दे रही है। मगर कुछ बैंक का ग्राहक शादी विवाह के मौसम में पैसे के लिए परेशान हैं। जिन बैंकों में कैश है भी तो वे काउंटर से भुगतान दे रहे हैं। पैसे के लिए लंबी कतार लग रही हैं। बरईपार: बरईपार एटीएम सो पीस बन चुका है। लगभग महीने भर से एटीएम से पैसा नहीं मिल रहा है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। एक तरफ बैंक से अधिकतम 5 हजार रुपये दिए जा रहे हैं तो दूसरी तरफ एटीएम में भी कैश नहीं होने से लोग परेशान हैं। आज हालत ऐसे हो गए हैं जैसे नोटबंदी के समय थे। बाजार निवासी पिंटू यादव, राजेश यादव ने बताया कि कैश नहीं मिलने से व्यापार पर असर पड़ रहा है। व्यापारी नेता रत्नेश जायसवाल का कहना है कि शादी विवाह के समय पैसा नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। कमलेश उपाध्याय का कहना है कि पैसे बैंक से नहीं मिलने की वजह से समस्या हो रही है। शाखा प्रबंधक नारायण सिंह ने कहा कि कैश की समस्या है। जब हमें करेंसी चेस्ट से पैसा नही मिल रहा है तो कहा से बांटे। जो रुपया मिलता है उसी में सबको देने की कोशिश की जाती है।