जौनपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्र में गुरुवार को हुई आग लगी की घटनाओं में मनबढ़ों ने खलिहान में मड़ाई के लिए रखे नौ सौ बोझ गेहूं को आग के हवाले कर दिया। जिससे पीड़ित को हजारों को नुकशान हुआ। तीन स्थानों पर शार्ट सर्किट से आग लगने से दस बीघा गेहूं की खड़ी फसल आग के हवाले हो गई। काफी प्रयास के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कई परिवारों के पास तो खाने तक के लिए अनाज नहीं बचा है। सिकरारा: क्षेत्र के तोफापुर गांव निवासी बृजमोहन यादव ने गुरुवार को थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह को तहरीर देकर बताया कि अपने गेहूं की फसल को मड़ाई के लिए खलिहान में रखा था। बुधवार की रात लगभग आठ बजे गांव के ही मनबढ़ों ने गेहूं के बोझ में आग लगा दिया। गेहूं के बोझ को जलते देखकर जब परिवार के लोग वहां पहुंचा तो मनबढ़ वहां से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन पुलिस कर रही है। सिंगरामऊ: क्षेत्र के निदुरपुर गांव में बिजली का तार टूट कर गिरने से देवतादीन तिवारी के गेहूं के खेत में आग लग गई। जब तक लोग आग को बुझा पाते तब तक दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इसी थाना क्षेत्र के आहोपुर गांव निवासी अनिल प्रजापती के गेहूं खेत में विद्युत तार में शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी की वजह से आग लग गई। जहां दो बीघा गेहूं की खड़ी फसल जल गई। इसी क्षेत्र के आहोपुर गांव निवासी राममूर्ति प्रजापति के गेहूं के खेत में गुरुवार को सायं पौने पांच बजे शार्ट सर्किट से आग लग जाने से दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक ग्रामीण आग बुझा चुके थे। लेखपाल अखिलेश यादव मौके पर पहुंच नुकसान का जायजा लिया। बरईपार: सिकरारा थाना के नेवढ़िया गांव निवासी कल्पनाथ यादव और भारत यादव के गेहूं की फसल आग लग जाने से जल गई।