मछलीशहर। क्रय केंद्रों पर केवल किसानों से ही गेहूं की खरीद की जाए। बिचौलियों से कत्तई खरीद न हो। मौसम को ध्यान में रखते हुए गेहूं को जल्द गोदामों में पहुंचाया जाय। यह बात प्रदेश के सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने बुधवार को मछलीशहर स्थित सिंचाई विभाग के डाकबंगले में गेहूं खरीद की मंडलीय समीक्षा बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिचौलियों को दरकिनार कर सीधे किसानों को लाभ पहुंचाना। क्रय केंद्रों के प्रभारी सरकार की इसी मंशा के अनुरूप काम करें। बैठक में अपर आयुक्त सहकारिता एसपी त्रिपाठी ने मंडल के सभी जिलों के लिए आवंटित लक्ष्य का ब्यौरा दिया। बताया कि वाराणसी से 35 हजार टन, चंदौली से 20,200 ,गाजीपुर में 11 हजार टन और जौनपुर में 24,300 टन गेहूं खरीद का लक्ष्य है। पूरे मंडल से 59 हजार टन गेहूं खरीदा जाना है। अब तक 2971 टन खरीद हो चुकी है जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 14 मीट्रिक टन ही खरीद हुई थी। बैठक में जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर के पीसीएफ़ के मंडलीय अधिकारी, डीसीबी के जिला प्रबंधक ,सचिव, महाप्रबंधक आदि अधिकारी मौजूद रहे।
चंदौली में शीघ्र स्थापित होगा उर्वरक डिपो
मछलीशहर। वाराणसी मंडल के किसानों को सस्ती खाद मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए चंदौली जनपद में रेलवे ने उर्वरक का डिपो स्थापित करने की सहमति दे दी है। सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने बुधवार को पत्रकारों को यह कारी दी। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सरकार द्वारा उर्वरक का डिपो बनाकर वाराणसी मंडल के किसानों को सस्ते दाम पर उर्वरक उपलब्ध कराएगी। इस डिपो की स्थापना के बाद परिवहन खर्च भी काफी कम हो जाएगा।जिससे किसानों को सस्ते दामों पर उर्वरक मिल पाएगा ।