जौनपुर। मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर राजस्व से संबंधित आ रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने एक प्लान तैयार किया है। इसके तहत जिले के 500 राजस्व गांवों को चिंहित किया गया है। इन गांवों की 10 से अधिक बार एक ही मामले में शिकायतें की गई है। शिकायतों को जड़ से समाप्त करने के लिए ऐसे गांवों का अवरोही क्रम में चयन किया गया है। पहली चौपाल कलेक्ट्रेट में लगेगी। जिसकी अध्यक्षता खुद डीएम करेंगे। इसमें बार-बार शिकायत करने वालों को बुलाए जाने की तैयारी है।
जिले में तकरीबन एक साल 32187 शिकायतें आई हैं। जिसमें 20500 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। शेष शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश के मूल्यांकन रिपोर्ट में जौनपुर को 24वां स्थान प्राप्त हुआ है। जिसमें पूर्णांक 100 में 91.58 प्राप्तांक मिला है। प्रदेश में बेहतर स्थान मिलने के बाद डीएम ने और बेहतरी के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। जिसके क्रम में राजस्व विवादों को लेकर एक नई पहल शुरू की गई है। इसमें आईजीआरएस में जो भी शिकायतें प्राप्त हुई है। उन सभी शिकायतों को सूचीबद्घ किया जाएगा और उन्हें निस्तारित किया जाएगा। डीएम ने इसके लिए एक टीम भी बनाया है। जिसमें एक एसडीएम को प्रभारी बनाया गया है। इसमें एनआईसी के कर्मचारियों को भी रखा गया है। खुद एसडीएम शिकायतकर्ता को फोन कर समाधान की स्थिति पूछते हैं। इसका अच्छा प्रभाव पड़ा है। इसको देखते हुए डीएम ने नई पहल शुरू की है।
...जब डीएम ने किया शिकायतकर्ता को फोन
जौनपुर। एक शिकायतकर्ता ने 220 बार आवेदन दिया तो डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने खुद उसे फोन किया। बातचीत में पता चला कि समाधान होने के बाद भी उसका रिश्तेदार शिकायत पर शिकायत कर रहा था। यह तो बानगी भर है। बार-बार शिकायत करने वालों को हर सप्ताह डीएम खुद फोन कर विवाद की जानकारी लेते हैं और उसका समाधान कराते हैं। अब इसे और विस्तार दिए जाने की कवायद शुरू हो गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने की बैठक
जौनपुर। नगर मजिस्ट्रेट योगानंद पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ऑनलाइन जनसुनवाई साप्ताहिक समीक्षा एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से आने वाली शिकायतोें की समीक्षा किया गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को समय से शिकायतों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। जिले में समयावधि के अंतर्गत 2893 लंबित जन शिकायते हैं जिसमें डिफाल्टर की संख्या 113 है। इस अवसर पर डीएसओ अजय प्रताप सिंह, पीडी पीके राय, बीएसए राजेंद्र प्रसाद सिंह, जिला कृषि अधिकारी अमित चैबे, गन्ना अधिकारी हुडा सिद्दीकी आदि उपस्थित रहे।