जौनपुर। सुइथाकला ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव के खिलाफ क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक 16 अप्रैल को 11 बजे से होगी। बैठक को लेकर राजनैतिक सरगर्मी बढ़ गई है। पूर्व मंत्री और शाहगंज विधायक शैलेंद्र यादव ललई और बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र और आईबी सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। जहां ललई मिथिलेश यादव के पक्ष में हैं वहीं रमेश चंद्र मिश्र अविश्वास लाने वालों के साथ खड़े हैं। इस मामले में डीएम के यहां रविवार को आपत्ति के निस्तारण के संबंध में सदस्यों को बुलाया गया था लेकिन कोई सदस्य नहीं आया।
93 क्षेत्र पंचायत सदस्यों वाले विकासखंड सुइथाकला के ब्लाक प्रमुख मिथिलेश यादव के खिलाफ सवायन वार्ड नंबर 23 की सदस्य कविता वर्मा ने अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस डीएम को दिया था। जिस पर डीएम ने 16 अप्रैल की तिथि बैठक के लिए निर्धारित किया था। उधर मिथिलेश यादव ने सदस्यों के फर्जी हस्ताक्षर का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में क्षेत्र पंचायत एक्ट के अंतर्गत वाद दायर किया था। जिस पर कोर्ट ने जिला मजिस्ट्रेट को आदेशित किया कि तीन दिन के भीतर उसका निस्तारण कर आदेश पारित करें और 16 अप्रैल तक डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने 13 अप्रैल को नोटिस क्षेत्र पंचायत सदस्यों को दिया जिसमें कहा कि 16 अप्रैल को एसडीएम शाहगंज की अध्यक्षता में बैठक सुइथाकला में आयोजित की गई है। जिसके विरूद्घ हाईकोर्ट में वाद दायर किया गया है। ऐसे में 15 अप्रैल को प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में पहचान पत्र और क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित होकर अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए जाने के संबंध में अपना लिखित बयान दें। अगर बयान नहीं देते हैं तो मान लिया जाएगा कि आपको कुछ नहीं कहना है। जो भी हो इस मामले को लेकर राजनैतिक सरगर्मी बढ़ गई है। उधर कई थानों की फोर्स और पीएसी सुइथाकला में लगा दी गई है। खुटहन जैसे उपद्रव और बवाल होने की आशंका खुफिया एजेंसियों ने जताया है। जिसको लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है।