डोभी। क्षेत्र के कसिली गांव में 3.20 करोड़ की लागत से बने पांच एमवीए का विद्युत सब स्टेशन
के टे स्टिंग के बाद शीघ्र ही बिजली की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। टेक्निकल टीम द्वारा की गई टेस्टिंग में सब कुछ ठीक पाया गया। टेस्टिंग सफल होने से अब आपूर्ति की राह आसान हो गई। दो दिन में आपूर्ति शुरू हो जाएगी। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के लिए चंदवक (बगेरवा) में सब स्टेशन स्थापित है। जिस पर अत्यधिक भार होने के कारण आए दिन फाल्ट की समस्या बनी रहती थी। क्षेत्रीय लोगों की मांग पर दो वर्ष पूर्व तत्कालीन विधायक गुलाब सरोज ने शासन से कसिली में 3.20 करोड़ की लागत से बनने वाले पांच एमवीए का विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत कराया था। शुरूआत में निर्माण कार्य धीमी गति से चला परंतु दूसरे वर्ष निर्माण में तेजी आई और निर्माण कार्य पूरा हो गया। एसडीओ केराकत आरके कुशवाहा, सहायक अभियंता संजय यादव, अवर अभियंता गजानंद, विनोद कुमार की उपस्थिति में टेस्टिंग की गई। सब स्टेशन से तीन फिटरों तराव, कछवन व कसिली में विभक्त कर आपूर्ति की जाएगी । एसडीओ आर के कुशवाहा ने बताया कि टेस्टिंग सफल रहा। चार्ज किया जा रहा है। दो दिन में आपूर्ति शुरू हो जाएगी। क्षेत्रीय किसान देवेंद्र सिंह, विनोद सिंह, रवि सिंह, राम सरन सिंह, बीरफल मौर्य ने कहा कि यह सब स्टेशन किसानों के लिए बरदान साबित होगा।