जौनपुर। छत्तीसगढ़ कोरबा के शिवाजीनगर निवासी अमनदीप कौर ने बुधवार को प्रभारी मंत्री प्रो. रीता बहुगुणा जोशी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। उसने आरोप लगाया कि लाइन बाजार सूरज घाट रोड पचहटियां निवासी मनदीप सिंह उर्फ लकी ने दूसरी शादी कर ली है। अमनदीप कौर का कहना है कि तीन जुलाई 2012 को उसकी शादी मनदीप सिंह उर्फ लकी के साथ हुई थी। जिसमें लाखों रुपये उसके परिवारवालों ने दहेज में दिया। शादी के कुछ दिन बाद ही पति और उसके परिवारवालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और परिवार न्यायालय में हिंदू विवाह अधिनियम के अंतर्गत केस दायर कर दिया। उसने कहा कि इस मामले में 20 जनवरी को योजित वाद की तिथि निर्धारित थी। जिसके लिए वह 18 जनवरी को कोरबा से चलकर 19 की रात में जौनपुर पहुंची। जहां उसके पति के परिवारवालों ने दरवाजा नहीं खोला। इसकी शिकायत पुलिस में उन्होंने की। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया लेकिन मनदीप उसे घर नहीं ले गया। महिला ने कई गंभीर आरोप भी पति और ससुरालवालों पर लगाए हैं। मंत्री ने अधिकारियों को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।