मुंगराबादशाहपुर। विद्युत उप केंद्र मुंगराबादशाहपुर के निकट ग्राम धौरहरा निवासी विनय कुमार पांडेय के घर के पास विधायक निधि से लगा ट्रांसफार्मर आखिर कहां गुम हो गया? इस संबंध में धौरहरा निवासी विमल कुमार पांडेय ने बताया कि उनका घरेलू विद्युत कनेक्शन के पास स्थित दूरभाष केंद्र पर लगे ट्रांसफार्मर से जोड़ा गया था। विरोध करने पर वहां से हटाकर करीब 500 मीटर दूर यादव बस्ती के निकट लगे 10 केवीए के ट्रांसफार्मर से जोड़ दिया गया। दूरी अधिक होने से कनेक्शन आए दिन बाधित होता रहता है। उसी ट्रांसफार्मर पर एक दर्जन से अधिक लोगों का कनेक्शन होने से वोल्टेज की समस्या भी बढ़ गई। जिसके कारण घर के पास नए ट्रांसफार्मर के लिए विमल ने विधायक सीमा द्विवेदी से गुहार लगाई थी। विधायक ने स्टीमेट बनवाकर 10 केबीए के ट्रांसफार्मर के लिए 37721 रुपये विधायक निधि से अवमुक्त भी कर दिया। विमल का आरोप है कि धन अवमुक्त होने के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर नहीं लगवाया गया। जिसकी शिकायत आईजीआरएस यूपी के तहत दर्ज करायी गई तो विभाग द्वारा बताया गया कि विधायक निधि से स्वीकृत ट्रांसफार्मर लगाया जा चुका है।