शाहगंज। क्षेत्र के ताखा पूरब गांव में प्रधान द्वारा गड़बड़ी किए जाने व डेढ़ करोड़ सरकारी धन के गबन के आरोप की जांच बुधवार को एसवीएमजी वाराणसी के मंडलीय कंसल्टेंट सुनील कुमार व मंडलीय परियोजना प्रबंधक वाराणसी विकेश्वर नाथ अथर्व ने जांच की। जांच में कोई गड़बड़ी नहीं मिली। अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी है।
ताखा पूरब गांव के हरिश्चंद्र यादव ने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर ग्राम प्रधान द्वारा गड़बड़ी किए जाने व डेढ़ करोड़ सरकारी धन के गबन की शिकायत की थी। जिसकी जांच करने बुधवार को एसवीएमजी वाराणसी के मंडलीय कंसल्टेंट सुनील कुमार व मंडलीय परियोजना प्रबंधक वाराणसी विकेश्वर नाथ अथर्व ने की। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर शिकायत गलत पाई। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में निर्माण कार्य प्रस्तावित है। मद का कोई भुगतान नहीं हुआ है। इसी तरह माइनर पुलिया का निर्माण भी प्रस्तावित है और धन अवमुक्त नहीं हुआ है। कन्या प्राथमिक विद्यालय में फर्श आदि के निर्माण में दो लाख 41 हजार खर्च का लेखा जोखा सही पाया गया। जिसकी गुणवत्ता के अलावा अधिकारियों ने गांव में नाली खड़ंजा आदि के निर्माण की गुणवत्ता को भी सही होने का दावा किया। अधिकारियों ने अपनी जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी व ग्राम्य विकास विभाग को सौंपी जिसमें शिकायत गलत पाई जान की बात कही है।