जौनपुर। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व एमएलसी उदयवीर सिंह ने कहा है कि भाजपा के नेता गरीब, दलित, वंचित और शोषित समाज के लोगों को इंसान नहीं मानते हैं। यही कारण है कि पार्टी के नेता वंचित समाज के लोगों की तुलना सांप, छछूंदर, कुत्ता, बिल्ली और नेवला से करके उनका अपमान करते रहते हैं। वह रविवार को एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने यहां आए थे।
मियांपुर मुहल्ले में विधायक शैलेंद्र यादव ललई के आवास पर बातचीत में कहा कि गोरखपुर और इलाहाबाद की फूलपुर संसदीय सीटों पर सपा की जीत से विपक्षी दलों के नेताओं और मतदाताओं में उत्साह पैदा हुआ है। इन सीटों पर अपनी हार से भाजपा में बौखला गई है। बौखलाहट में ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक विपक्षी नेताओं के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। न महंगाई कम हुई और नहीं भ्रष्टाचार। दलित, पिछड़े, मुस्लिम सब दुखी हैं। नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। कर्ज में डूबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। एक तरफ आम जनता त्रस्त है और पूंजीपति बैंकों से कर्ज लेकर विदेश भाग रहे हैं। कानून व्यवस्था बदहाल और फर्जी एनकाउंटर करके सूबे की सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। चोरी-डकैती, लूट, दुराचार का ग्राफ बढ़ा है। यहां तक कि गुजरात के राज्यपाल के नोएडा स्थित घर में चोरी हो गई।