जौनपुर। दीवानी अधिवक्ता संघ का चुनाव 20 अप्रैल को होने की घोषणा मुख्य चुनाव अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह एडवोकेट ने किया। पांच व छह अप्रैल को नामांकन होगा। नामांकन पत्रों की जांच सात अप्रैल को, नामांकन की वापसी नौ अप्रैल को तथा मतदान 20 अप्रैल को प्रात: नौ बजे से चार बजे तक होगा। मतगणना सायं पांच बजे से अंतिम परिणाम घोषित होने तक की जाएगी। मतदाताओं को मतदान के लिए बार काउंसिल के पंजीयन का मूल प्रमाण पत्र अथवा मूल परिचय पत्र एवं संघ का परिचय पत्र लाना अनिवार्य है। शपथ ग्रहण 21 अप्रैल को होगा।
चुनाव की घोषणा के साथ ही मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा आचार संहिता लागू की गई है। उन्होंने बताया कि परिसर में अस्त्र-शस्त्र का प्रवेश वर्जित हो गया है। मतदाताओं को किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं किया जाएगा। संघ भवन के अंदर प्रदर्शन व नारेबाजी नहीं होगी। दीवानी परिसर में लगे पोस्टर, बैनर 24 घंटे के अंदर हटाने का निर्देश जारी किया गया। आचार संहिता का उल्लंघन करने पर उम्मीदवारी निरस्त कर दी जाएगी।