खेतासराय। सर्वरपुर वार्ड में खसरे से पीड़ित दो साल की बच्ची की रविवार की मौत हो गई। मुहल्ले में छह लोग इस बीमारी की चपेट में हैं। बच्ची की मौत की सूचना पाकर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। उन्होंने लोगों की जांच की और पीड़ितों को दवा दी।
नगर के सर्वरपुर वार्ड निवासी राजकुमारी उर्फ पायल (2) पुत्री अमर बहादुर तीन दिन से खसरे से पीड़ित थी, उसकी रविवार की शाम मौत हो गई। इसके अलावा वार्ड में एक हफ्ते से मोनिका (8) पुत्री रुद्रप्रताप, रूचि (1) व अंतिमा (5) पुत्री दिलीप, रागनी (6) पुत्री दलसिंगार, निधि (6) पुत्री विजय कुमार भी इस बीमारी से पीड़ित हैं । इनके शरीर में दाने निकले हैं व बुखार आ रहा है। सूचना पाकर सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी के प्रभारी डा. रोहित लाल, एपीओ अजय कुमार,बीपीएम उमेश चंद्र,राम मिलन यादव,एएनएम यमुना व सरोज बिंद की टीम वार्ड में पहुंचे। लोगों को साफ सफाई के लिए जागरूक करने के साथ ही पीड़ितों को दवा का वितरण किया। पीड़ितों को घर में अलग रखने की सलाह दी । प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. रोहित ने कहा सभी को खसरा हुआ हुआ है। राजकुमारी को खसरे का टीका लगाया गया था लेकिन ठीक से उपचार न होने के कारण उसकी मौत हुई है ।