वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जन संचार विभाग के अध्यक्ष डा. मनोज मिश्र को आउट स्टैंडिंग अचीवमेंट इन साइंस कम्युनिकेशन और पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डा. सुधीर उपाध्याय को यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। गुरुवार को धनबाद झारखंड में चल रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि पटना आईसीएआर के निदेशक डा. बीपी भट्ट, एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय मॉरीशस के डा. भानुदत्त लालजी और यूनाइटेड नेशन में फ़ूड एवं एग्रीकल्चर आर्गनाइजेशन के सदस्य एवं भारतीय चावल अनुसंधान केंद्र हैदराबाद के प्रधान वैज्ञानिक डा. बृजेंद्र परमार ने दोनों शिक्षकों को अंगवस्त्रम, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंच पर ओहियो विश्वविद्यालय यूएसए की डा. अस्मिता मुरुमकर, यूनाइटेड नेशन फेडरेशन के डा. सिओसिवा हलावताऊ टोंगा सहित देश विदेश के वैज्ञानिक, शिक्षाविद् एवं शोधार्थी उपस्थित रहे। विदित हो कि 29 से 31 मार्च तक खाद्य सुरक्षा के लिए स्थाई कृषि विषयक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन वेडलाक ग्रीन रिसॉर्ट धनबाद में आयोजित है। सम्मेलन में डा. मनोज मिश्र नें खेती- किसानी के दौरान सर्पदंश की घटनाओं में अंधविश्वास एवं असावधानी के चलते होने वाली मौतों पर जागरूकता के लिए अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। डा. सुधीर उपाध्याय ने पर्यावरण की अनुकूलता को बनाए रखने के साथ ही बैक्टीरिया के उपयोग से बंजर भूमि में सभी फसलों की अच्छी पैदावार को लेकर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया।