जौनपुर। जिले में इंसेफ्लाइटिस से बचाव के टीके लगवाए जाएंगे। विशेष संचारी रोग पखवाड़े की शुरुआत दो अप्रैल से हो रही है। इस दौरान टीकाकरण किया जाएगा।
जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि सभी संबंधित विभागों से दो दिन में टीकाकरण की योजना बनाने और सफाई पर ध्यान देने को कहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि विशेष संचारी रोग पखवाड़ा में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ बाल विकास एवं पुष्टाहार , पंचायती राज, शिक्षा विभाग, नगर निगम व शहरी विकास विभाग, पशुपालन विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, स्वच्छ भारत मिशन के समन्वय से यह अभियान चलाया जाएगा। इसमें 15 साल तक के बच्चों को जापानी इंसेफ्लाइटिस के टीके लगाए जाएंगे। कुल 87 हजार बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। साथ ही जेई प्रभावित गांव रीठी व भदैला में साप्ताहिक अंतराल पर एंटी लार्वा छिड़काव करने और एक दिन के अंतराल पर फागिंग कराई जाएगी।