जौनपुर। सरकार हर घर में बिजली पहुंचाने का दावा कर रही है लेकिन अभी साढ़े 14 हजार मजरे का विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। सौभाग्य योजना के तहत हर घर में बिजली पहुंचाने के लिए सभी मजरों का विद्युतीकरण किया जा रहा है लेकिन रफ्तार इतनी धीमी है कि साल भर में महज 500 मजरों में घर-घर को बिजली से रोशन किया गया है।
सौभाग्य योजना के तहत इस साल 31 दिसंबर तक हर घर मे बिजली पहुंचाई जानी है। जिले में तमाम मजरों तक बिजली पहुंची ही नहीं है। बिजली विभाग द्वारा जिले में पहले ऐसे 15 हजार मजरों को चिह्नित किया था, जहां बिजली पहुंची ही नही हैं। योजना के तहत विद्युतीकरण का काम शुरू किया गया लेकिन अभी महज पांच सौ मजरों में ही बिजली पहुंची। इन मजरों में कुल 15381 घरों में बिजली पहुंचाई जा सकी है।
दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना के तहत भी इस वित्तीय वर्ष में 263 मजरों में विद्युतीकरण करने की योजना थी लेकिन महज 10 मजरों ही बिजली पहुंचाई जा सकी। अधीक्षण अभियंता एके मिश्रा का दावा है कि समय रहते हर मजरे का विद्युतीकरण कर लिया जाएगा। सभी मजरों में काम चल रहे हैं। सौभाग्य योजना के तहत 14500 और दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना के तहत शेष 250 मजरों में काम तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में काम पूरा हो जाएगा।