वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की परीक्षा भारी अव्यवस्था के बीच हो रही है। जिसे लेकर गुरुवार को प्रबंधक और उड़ाकादल के बीच झड़प हो गई। दो केंद्रों पर बिना केंद्राध्यक्ष के ही परीक्षा कराई जा रही है। इतना ही नहीं परीक्षा ड्यूटी भी बाहरी लोगों से कराई जा रही है। पेपर का लिफाफा काटते समय दो शिक्षकों का हस्ताक्षर कराया जाता है। लेकिन उसपर भी किसी बाबू का हस्ताक्षर कराया गया था। शिकायत करने पर प्रबंधक और उड़ाकादल के बीच झड़प हो गई। टीम ने उसकी शिकायत परीक्षा नियंत्रक से कर दी है। उड़ाकाद की टीम गुरुवार को सबसे पहले मां कौशल्या देवी बैजनाथ मैनदेवी शेर बहादुर कालेज भीलमपुर केंद्र पर पहुंची। जांच के बाद पता चला कि परीक्षकों के स्थान पर बाहरी लोगों से ड्यूटी कराई जा रही है। पेपर के लिफाफा पर शिक्षक स्थान पर बाबू ने हस्ताक्षर किया था। इसी प्रकार कमला देवी कालेज जयपालपुर केंद्र पर बिना किसी केंद्राध्यक्ष के ही परीक्षा जा रही है। केंद्र पर एक भी शिक्षक ऐसा नहीं मिला जिसका एप्रूवल विवि में हुआ हो। टीम ने जब इसकी शिकायत प्रबंधक से की तो प्रबंधक और उड़ाकादल के बीच झड़प हो गई। टीम ने इसकी सूचना परीक्षा नियंत्रक को दे दी है। नवयुग महाविद्यालय मधुपुर केंद्र पर भी बिना केंद्राध्यक्ष के परीक्षा कराई जा रही है। जिस कमरे में पेपर में कटिंग किया जा रहा था वहां सीसी टीवी कैमरा नहीं लगाया गया है। परीक्षा में बाहरी लोग ड्यूटी करते मिले। इस केंद्र पर भी बिना एप्रूवल वाले शिक्षक ड्यूटी कर रहे थे। इसकी सूचना टीम ने विवि को दे दी है। टीम में डा. विपिन सिंह, डा. नीलमणि, डा. सिद्धार्थ सिंह, डा. अमित जायसवाल शामिल थे।