जौनपुर। विश्व जल दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को गोमती नदी की जलधारा में नाव पर भजन कीर्तन के साथ कलाकारों ने मां गोमती को स्वरांजलि दी। संकट मोचन फाउंडेशन वाराणसी के महंत प्रो. विश्वंभरनाथ की प्रेरणा से स्वच्छ गोमती अभियान के तत्वावधान में इस अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
जौनपुर संगीत घराने के पुरोधा पण्डित सूर्य प्रकाश मिश्र बल्ला गुरु व पंडित दीपक मिश्रा ने राग जौनपुरी की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिले के जाने माने भजन गायक कलाकार राहुल पाठक ने मां गोमती के भजन पर लोग झूमने को विवश हो गए। तबले पर संगत पंडित युवराज मिश्रा व सहयोगी ज्ञान प्रकाश मिश्र ने किया। संचालन अवनींद्र तिवारी ने किया। स्वच्छ गोमती अभियान के अध्यक्ष गौतम गुप्ता ने बताया कि जिले में इस प्रकार के अनूठे कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य जनपदवासियों को गोमती की व्यथा से अवगत कराना व उन्हें जागरूक करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गीतांजलि संस्था के अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव व विशिष्ट अतिथि डॉ. ब्रह्मेश शुक्ल रहे। कार्यक्रम में राजेन्द्र विश्वकर्मा, मनोज तिवारी, बृजेश मौर्य, अंजू पाठक, चंदन निषाद, बलराम निषाद, लालजी निषाद, मोहनीश शुक्ल, संजय गुप्ता, अजीत सैनी, आशुतोष सीटू, ओमकार मौर्य, दिनेश साहू आदि रहे। अंत में आलोक वैश्य ने सभी का आभार प्रकट किया।