जौनपुर।विभिन्न मांगों को लेकर बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में बीएचडब्ल्यू, एएनएम और स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों ने पल्स पालियो अभियान के तीसरे दिन मंगलवार को काली पट्टी बांधकर पोलियों की खुराक पिलाई। साथ ही मांगों को पूरा नहीं करने पर विरोध जताया। साथ ही मांग पूरा नहीं होने पर 14 मार्च को पल्स पोलियो कार्यक्रम का बहिष्कार कर सीएमओ कार्यालय पर आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है।
महामंत्री रमेशचंद्र ने कहा कि पर्यवेक्षकों के वेतन विसंगतियों में सुधार, दो वर्षिय प्रशिक्षण कराने, वाहन भत्ता देने, समय से प्रमोशन करने आदि मांगों को पूरा करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। लेकिन आज तक मांगों को पूरा नहीं किया गया है। जिसको लेकर यह कदम उठाया जा रहा है। काली पट्टी बांध कर विरोध जताने वालों में राकेशचंद्र मिश्रा, सतीशचंद्र किनास, शिवआसरे मौर्य, विजय सोनकर, राहुल यादव, दिलीप कुमार कुशवाहा, शिप्रा यादव, सुनीता सिंह, संजू राय, अनीता देवी व अमृता राय आदि रहे।