जौनपुर। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) बिल के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने रविवार की सुबह आठ बजे आईएमएस भवन लाइन बाजार से साइकिल रैली निकाली। बाद में बैठक कर विधेयक की खामियों पर चर्चा की और कहा कि उसे किसी कीमत पर नहीं लागू होने दिया जाएगा।
अध्यक्ष डा.एनके सिंह ने कहा कि एनएमसी बिल चिकित्सा सुविधा व चिकित्सा शिक्षा को महंगा करने वाला बिल है। वर्तमान में निजी मेडिकल कालेजों में 15 फीसदी सीटें ही मैनेजमेंट कोटा से डोनेशन देकर भरी जाती हैं। एनएमसी बिल के आने के बाद 60 फीसदी से अधिक सीटें मैनेजमेंट कोटा द्वारा डोनेशन से भरी जाएंगी। इसके अतिरिक्त एमबीबीएस पास करने करने के बाद नेक्स्ट परीक्षा देनी पड़ेगी। इससे 50 फीसदी अधिक एमबीबीएस पास छात्र प्रैक्टिस करने में असमर्थ रहेंगे। इसके कारण चिकित्सकों की और अधिक कमी हो जाएगी। वहीं ब्रिज कोर्स के द्वारा आयुष चिकित्सकों को एलोपैथिक प्रैक्टिस करने के लिए छूट मिल जाएगी। उन्होंने बताया की 25 मार्च को दिल्ली में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में पूरे भारत वर्ष के चिकित्सक जमा होकर महापंचायत करेंगे। इस बिल का हर कीमत पर विरोध किया जाएगा। अध्यक्षता डा.एनके सिंह व संचालन डा.एए जाफरी ने किया। रैली निकालने वालों में डा.एके मिश्र, डा. एचडी सिंह, डा.एके मौर्य, डा.तेज सिंह, डा.वीरेंद्र यादव, डा.शुभा सिंह, डा.मधु शारदा, डा.मनमोहन श्रीवास्तव, डा.वीएस उपाध्याय, डा.आरए मौर्य व डा.अजय पांडेय रहे।