जौनपुर। बेहतर और अबाध विद्युत आपूर्ति के लिए शहर में भूमिगत केबल बिछाने का काम चल रहा है लेकिन बजट के अभाव में यह काम ठप हो गया है जबकि काम को मार्च महीने के अंत तक पूरा कर लेना था। काम पूरा होने में महज 27 दिन शेष हैं लेकिन काम ठप हो गया है। अब विभाग ने शासन से धनराशि की मांग की है।
शहरी क्षेत्र में लगभग 41 हजार विद्युत उपभोक्ता हैं। शहरवासियों को निर्बाध बिजली देने के लिए तारों का जाल समाप्त किया जा रहा है। गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के लिए मुख्यमंत्री विशेष बिजनेस प्लान के तहत भूमिगत केबिल बिछाई जा रही है। चालू वित्तीय वर्ष में पूरे शहर क्षेत्र में भूमिगत केबिल बिछा देना था। इसके लिए 32 करोड़ रुपया भी स्वीकृत हुआ। जिसमें साढ़े सात करोड़ की पहली किस्त विभाग को मिली। उसके बाद भूमिगत बिजली का केबल डालने का कार्य शुरू कर दिया गया।। मगर आगे धन नहीं जारी होने के कारण काम बीच में ही रुक गया। विभागीय सूत्रों के मुताबिक जितना पैसा मिला था, उतनी धनराशि का केबल बिछाने का कार्य कर दिया गया है। पैसे के अभाव में वे सामान की खरीद नहीं हो पा रही है, जिसेस काम रुक गया है। जहां केबल डाल दिया गया है, वहां भी कई जगह अभी कनेक्शन नहीं हो पाया है। अभी केवल पंजाबी कालोनी व रसीदाद मुहल्लों में ही अंडरग्राउंड केबल बिछाकर कनेक्शन कर मोहल्लेवासियों को लाभांवित करने का कार्य किया गया है जबकि भूूमिगत केबल काम 39 वार्डों में कराया जाना है।
कोट:
धनराशि नहीं मिलने के कारण अंडरग्राउंड केबिल डालकर कनेंक्शन करने का कार्य रुका पड़ा है जबकि यह कार्य मार्च तक पूरा किया जाने का समय निर्धारित है। शासन को पत्र भेजकर धनराशि की मांग की गई है। धन मिलते ही आगे का काम शुरू हो जाएगा।-एससी सोनोदिया. अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड तृतीय