जौनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधक्ष व जिला जज अजय त्यागी के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सोमवार को मोहम्मद हसन डिग्री कालेज में शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें नशा उन्मूलन व बच्चों के अधिकार विषय पर चर्चा किया गया। जिले को नशा मुक्त का छात्रों को शपथ दिलाई गई। मनोज कुमार वर्मा रिटेनर एडवोकेट द्वारा नशा उन्मूलन एवं बच्चों को उनके अधिकारों के बारे में विधिक जानकारी दी गई। सीएमओ डा. ओपी सिंह व अतिरिक्त सीएमओ डा. एसके यादव द्वारा नशा उन्मूलन एवं तम्बाकू के शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को विस्तार से बताया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव लाकेश वरूण द्वारा बाल अधिकार व नशा उन्मूलन के सन्दर्भ में बताया कि जो कुरीति व गलत आदत बच्चों में उत्पन्न हो रही है, उसे समूल नाश कर सुरक्षा प्रदान किया जाना नितांत आवश्यक है। उपरोक्त दोनों विषयों पर संबंधित कानून,बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा लोगों को प्रदान की जाने वाली विधिक सहायता के बारे में बताया। छात्रों को जिले को नशामुक्त कराने व बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रभारी डा. अजय सिंह ने किया। प्राचार्य डा. अब्दुल कादिर ने आभार जताया।