जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा में ‘प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक कामचोर हैं’ विषय पर जिलाधिकारी को पत्र लिखना था। इस सवाल ने प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को उद्वेलित कर दिया है। इस सवाल से गुस्साए प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री, राज्यपाल को संबोधित पत्रक नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ल की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे शिक्षकों ने कहा कि प्राथमिक शिक्षक विद्यालय में नामांकन बढ़ाते हैं और छात्रों को पड़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके अलावा तमाम गैर शैक्षणिक कार्य भी उनके जिम्मे है। मतदाता सूची पुनरीक्षण, बीएलओ ड्यूटी, सहकारी समितियों का निर्वाचन दायित्व, चुनाव ड्यूटी, कोटे का सत्यापन एवं यूपी बोर्ड के परीक्षा में कक्ष निरीक्षक तक का काम उनसे कराया जाता है। इसके बावजूद उन्हें कामचोर कहना अपमानित करना है। शिक्षकों की कमी और विद्यालयों में सीमित संसाधन हैं लेकिन अध्यापक अपना काम बखूबी कर रहे हैं। प्राथमिक शिक्षकों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला सवाल पूछने परीक्षा के अंग्रेजी द्वितीय प्रश्नपत्र तैयार करने वाले अध्यापक पर कड़ी कार्रवाई की जो। इस दौरन रविचंद यादव, संजय सिंह, शिवेंद्र सिंह रानू, अनिल सिंह, लक्ष्मीकांत सिंह, साजेश सिंह, धर्मेंद्र यादव, राम प्रसाद यादव, पदमाकर राय, विजय कुमार गुप्ता, राम दुलार यादव, लाल साहब यादव, विरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।