बरसठी। रोजगार सेवक ने स्थानीय ब्लाक के भगेरी ग्राम पंचायत में तालाब की खुदाई और सफाई में पैसों में भारी हेराफेरी का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत जिले के अधिकारियों से की है। शिकायत से नाराज बीडीओ ने ग्राम रोजगार सेवक की संविदा समाप्त करने चेतावनी दी है।
रोजगार सेवक डीपी शुक्ला ने आरोप लगाया है कि भागेरी ग्राम पंचायत में तालाब की खुदाई और सफाई का काम कराया जाना दिखाया गया है। इसके लिए मस्टररोल भरकर पैसे निकाल लिए ए ैहं। यह कार्य 18 से 31 जनवरी के बीच किया जाना दिखाया गया है। जिस तालाब की सफाई की बात कही जा रही है, उसके आसपास के रहने वालों ने इस कार्य की जानकारी से इनकार किया है। उनमें से कई लोग खंड विकास अधिकारी को इस बाबत शपथपत्र भी दे चुके हैं। मस्टररोल में जिन श्रमिकों का नाम है, वे भी काम नहीं करने की बात कह रहे हैं। उनका कहना है कि इसकी जानकारी देने पर बीडीओ रामदरश चौधरी ने कार्रवाई करने के बजाय उनकी संविदा समाप्त करने की चेतावनी दी है। बीडीओ का कहना है कि रोजगार सेवक का आरोप निराधार है। रोजगार सेवक ने ही कई काम मनमाने तरीके से किए हैं, जिसकी जांच कराई जा रही है।