जौनपुर। नगर के हिंदी भवन में जिला धोबी कल्याण समिति द्वारा राष्ट्रीय संत शिरोमणि बाबा गाडगे महाराज की 142वीं जयंती समारोह मनाई गई। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने बाबा गाडगे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। राज्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि बाबा संत गाडगे महाराज सामाजिक क्रांति के आधार स्तंभ एवं समाज सुधारक थे। जिन्होंने समाज के उत्थान के लिए अपने को समर्पित कर दिया। विशिष्ट अतिथि दिग्विजय सिंह गिहार ने कहा कि बाबा ने अपने संदेश में कहा था कि बेकार को रोजगार, प्यासे को पानी, भूखे को रोटी, बेघरों को मकान, अंधे लगड़े की सहायता, पशु पक्षियों एवं मूक प्राणियों की सेवा ही सच्चा धर्म है। प्रदेश मंत्री डा. मातादीन, डा. दयाराम चौधरी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके पहले रथ व बैण्ड बाजे के साथ नगर में शोभायात्रा निकाली गई। अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप कन्नौजिया ने आभार व्यक्त किया। संचालन संजय कुमार ने किया। इस अवसर पर महामंत्री संत लाल, संजय, रामअवध, रमेश, फकीर राम, डा. मनोज, शिवशंकर, सूबेलाल, श्रीनाथ प्रधान, राजेश, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।