जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजाराम यादव ने कहा कि नकल विहीन परीक्षा होने पर पढ़ाई का स्तर बढ़ता है। छात्र मेहनत करके आगे बढ़ते हैं। वह सोमवार को महंत अवैद्यनाथ संगोष्ठी भवन में परीक्षा की तैयारियों के संबंध में प्रबंधकों और प्राचार्यों की बैठक में बोल रहे थे।
कुलपति ने कहा कि पूर्वांचल विश्वविद्यालय समय से परीक्षा कराने और परिणाम देने में अव्वल है। परीक्षा के दौरान एक छोटी सी गलती बड़ी समस्या का कारण बन सकती है। ऐसे में सामूहिक जिम्मेदारी है कि परीक्षा सफल तरीके से कराई जाए। स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के साथ विश्वविद्यालय किसी भी तरीके का भेदभाव नहीं करेगा। कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल, वित्त अधिकारी एमके सिंह, परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह ने कहा कि सीसीटीवी के साथ वॉइस रिकॉर्डिंग की व्यवस्था भी होनी चाहिए। नकल पकड़े जाने पर पहली के साथ ही दूसरी कॉपी भी सील करके भेजी जो। प्रोजेक्ट इंजीनियर सीसी टीवी कुणाल कुमार ने सभी से कहा कि अपने सीसीटीवी कैमरे को शीघ्र विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम सेलिंकअप करें। इस मौके पर प्रो बीबी तिवारी, प्रो. मानस पांडेय ,प्राचार्य डा. देवेंद्र नाथ सिंह ,डा. वीरेंद्र प्रताप सिंह ,डा. राम अवध सिंह यादव, डा. सतेंद्र प्रताप सिंह, डा. नागेंद्र पाठक , प्रबंधक राज बहादुर, सूर्यभान यादव ,संदीप तिवारी एवं अमित कुमार दुबे, एमएम भट्ट, रामसूरत यादव ने भी सम्बोधित किया। संचालन डा. संजय श्रीवास्तव ने किया।