केंद्र व प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी, पुलिस एवं दलालों की मिली भगत से क्षेत्र में बढ़ रही चोरी, छिनैती, हत्या और बलात्कार की घटनाओं के विरोध में गुरुवार से तहसील परिसर में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार ने भयमुक्त समाज बनाने का वादा किया था। सरकार में दलालों, भूमाफियाओं तथा पुलिस की मिली भगत से सरकारी कागजात में नाम होने के बाद भी भूमि पर अतिक्रमण की घटनायें बढ़ रही हैं। सरकार घटनाओं की अनदेखी कर रही है। पुलिस घटनाओं का पर्दाफाश करने में नाकाम साबित हो रही है। सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण जारी है। छुट्टा पशु किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं। प्रत्येक परिवार के खाते में15लाख डालने, नौजवानों को रोजगार देने का वादा खोखला साबित हो चुका है। पुलिस बेलगाम हो चुकी है। सरकार पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है। इस अवसर पर सुभाष पटेल, जयलाल सरोज, कल्पनाथ गुप्ता, जगन्नाथ शास्त्री, कृष्ण नरायण तिवारी, रामनाथ, लालजी यादव, राकेश मौर्य, बबलू पाल, राज कुमार पटेल ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छेदीलाल जायसवाल व संचालन सत्य नारायण पटेल ने किया।