जफराबाद। लवणकार एवं व्यापारी जाति परिसंघ की ओर से मंगलवार को हौज स्थित शहीद स्मारक पर देश विदेश से चौहान जाति के लोगों का एक मेला लगा। इसमें हौज गांव को शहीद गांव का दर्जा देने की मांग की गई। साथ ही लवणकार समाज के लोगों को एक जुट होने पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि कर्नाटक से आए स्वामी पुरुषोत्मानंद ने कहा कि हौज गांव के शहीदों के परिवारों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिवार की तरह सारी सुविधाएं मिलनी चाहिए। इस गांव को शहीद गांव का दर्जा मिलना चाहिए। इसके लिए हर सम्भव प्रयास समाज की ओर से किया जाएगा। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनीब सिंह ने कहा कि हौज गांव शहीदों का गांव है। आज इस कार्यक्रम में देश विदेश में जाकर बस गये हमारे समाज के लोग इकत्रित हुए है, जो हमारी एकता का प्रतीक है। नेपाल, कनाडा, मारीशस, इंग्लैंड आदि देशों में बसे लवणकार समाज के लोग संघ के सदस्य है। सत्याग्रह व भारत छोड़ो आंदोलन में अपनी जान गंवा चुके हमारे समाज के लोगों को सम्मान प्रदान करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार शहीदों के सम्मान के लिए कोई कार्यक्रम नहीं आयोजित कर रही है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसपी सिंह चौहान ने शासन में भागेदारी लेनी है तो हर प्रदेश में अपने समाज के ज्यादा से ज्यादा सांसद व विधायक जिताकर देश की बड़ी पंचायत में भेजना होगा। हौज गांव के प्रधान भृगुनाथ सिंह चौहान व अतिथियों ने शहीद स्तंभ पर पुष्पाजंलि अर्पित की। ऐडू कूंडलू सागर, बिहार की पूर्व मंत्री रेनू देबी, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, संदीप कौर कनाडा, एसपी सिंह हरियाणा, भृगुनाथ सिंह चौहान,चरण सिंह चौहान, अमित सिंह चौहान मौजूद रहे।