बक्शा। ब्लाक प्रमुख रंजीत यादव की अग्नि परीक्षा का समय आ गया है। उनके खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सोमवार को बैठक होगी। बैठक में कोरमपूरा हुआ तो अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान होगा। इसेे लेकर पक्ष और विपक्ष में पहले से चल रही गहमागहमी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बक्शा ब्लाक मुख्यालय की किले बंदी कर दी गई है। सुरक्षा दस दरोगा, एक प्लाटून पीएसी, महिला थानेदार, सीओ और मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए गए हैं।
बक्शा में कुल 101 बीडीसी सदस्य हैं। अविश्वास प्रस्ताव पास कराने के लिए कम से कम 51 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जरूरत होगी। अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस दिए जाने के बाद से ही यहां पक्ष और विपक्ष में गहमा गहमी तेज हो गई है। बीडीसी सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए धमकी और प्रलोभन देने व मारपीट के मामले में अभी तक एक दूसरे के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पूर्व में खुटहन में ब्लाक प्रमुख के खिलाफ हुए अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान बवाल और पूर्व में दर्ज हो चुके मकुदमें को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिए बड़ी तैयारी की है। सीओ विनय द्विवेदी ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ब्लाक मुख्यालय के चारो तरफ बैरिकेडिंग की गई है। मतदान में शामिल होने के लिए आने वाले बीडीसी सदस्यों की तलाशी के बाद अंदर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए उन्हें कम्प्यूटराइज परिचय पत्र जारी किया गया है। जांच के लिए दो गेट से होकर उन्हें गुजरना होगा।