मीरगंज। विश्व स्कूल गेम चैंपियन रोहित यादव को प्रदेश सरकार 25 जनवरी को यूपी दिवस समारोह के तहत सम्मानित करेगी। रोहित यादव जूनियर वर्ग का भाला फेंक स्पर्धा में कई मेडल भी जीत चुके हैं। वे बुधवार को लखनऊ रवाना हो गए।
मीरगंज थाना के अदारी डभिया गांव निवासी मैराथन धावक सभाजीत यादव के पुत्र रोहित (18) देश-विदेश की कई प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। वह 11 से 18 जुलाई 2016 तक को तुर्की में आयोजित अंडर 18 विश्व स्कूल गेम चैंपियनशिप में 72.57 मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीतने के बाद चर्चा में आए। कोयंबटूर में आयोजित जूनियर नेशनल में 72.05 मीटर भाला फेंक में रिकार्ड बनाया। इसके पहले विशाखापत्तनम व केरल में आयोजित प्रतियोगिता में मेडल जीत चुुके हैं। 23 से 26 जनवरी को लखनऊ में आयोजित यूपी दिवस पर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 24 खिलाडियों को सम्मानित करेगी। इसके लिए रोहित को भी बुलाया गया है।