जौनपुर। दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को अधिवक्ता रियाजुल हक के निधन पर आधे दिन का शोक प्रस्ताव होने पर संघ के अध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह व मंत्री अनिल सिंह कप्तान के खिलाफ जमकर हंगामा किया।
दीवानी न्यायालय सभागार में साधारण सभा की बैठक में संघ के अध्यक्ष व मंत्री के न आने पर पूर्व अध्यक्ष तेज बहादुर सिंह, पूर्व मंत्री सुभाष चंद्र यादव व पूर्व मंत्री अवधेश सिंह ने साधारण सभा की अनुमति व सर्वसम्मति से बैठक की अध्यक्षता की तथा पूरे दिन का शोक प्रस्ताव पारित हुआ। अधिवक्ताओं ने संघ के अध्यक्ष के रवैया पर असंतोष जताया। कहा कि कई बार अनुरोध के बावजूद पूरे दिन का शोक प्रस्ताव अध्यक्ष ने न करके अधिवक्ताओं के मान सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाया है। संघ के अध्यक्ष व मंत्री को अविश्वास प्रस्ताव की नोटिस जारी की गई। क्यों न दोनों लोगों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव साधारण सभा की बैठक में लाया जाए और कार्यमुक्त कर दिया जाए। तय किया गया कि 23 जनवरी को दोनों पदाधिकारी अपना स्पष्टीकरण साधारण सभा की बैठक बुलाकर दें। अन्यथा साधारण सभा द्वारा की गई कार्रवाई से स्वयं उत्तरदाई होंगे। अध्यक्ष डीपी सिंह का कहना है कि अधिवक्ता रियाजुल कई सालों से दीवानी संघ के सदस्य नहीं थे इसलिए आधे दिन का शोक प्रस्ताव किया गया।