गौराबादशाहपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि शिक्षकों की समस्या को लेकर संगठन गंभीर है। शिक्षकों को एकजुट होकर संगठन की नीतियों के अनुरूप काम करना होगा। शिक्षकों की ताकत संगठन की मजबूती है। उन्होंने शिक्षकों के संघर्ष एवं उससे प्राप्त परिणाम पर विस्तार से प्रकाश डाला। वह रविवार को क्षेत्र के पिलखिनी स्तिथ स्व. सुधाकर सिंह महाविद्यालय में शिक्षक संघ की जिला स्तरीय बैठक में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सदस्यता अभियान चलाकर नए सदस्य बनाने की जरूरत है। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों के एकजुटता का नतीजा रहा कि हम संघर्ष में हमेशी कुछ न कुछ हासिल कर लेते हैं। सदस्यता के लिए तहसीलवार टीम का गठन किया गया है। प्रदेश मंत्री डा. राकेश सिंह ने बताया की हम सभी पदाधिकारी विद्यालय में जाकर अपनी उपलब्धियों को बताते हुए सभी शिक्षक साथियों को माध्यमिक शिक्षक संघ से जोड़ने का प्रयास करेंगे। पूर्व मंडल मंत्री प्रमोद श्रीवास्तव ने शिक्षक साथियों की एक जुटता पर बल दिया। जिलाध्यक्ष सरोजकुमार सिंह ने बैठक की अध्यक्षता की। संचालन जिला मंत्री तेरस यादव ने किया। इस अवसर पर अतुल सिंह मुन्ना, सुधाकर सिंह, संकठा सिंह, शशि प्रकाश मिश्रा, इंद्रपाल सिंह, गजाधर राय, प्रमोद सिंह, दिलीप सिंह, ऋषि श्रीवास्तव, पारस सिंह, धर्मेन्द सिंह आदि मौजूद रहे।