मछलीशहर (जौनपुर)। लखनऊ से मिर्जापुर जाते समय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डा. लालजी निर्मल का सोमवार को डाक बंगले पर भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य अनीता रावत के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष डा. लालजी निर्मल ने कहा कि सपा एवं बसपा दलितों की हितैषी बनती है। लेकिन उनके द्वारा दलितों को केवल छलने का काम किया गया है। जिसके चलते आज दलितों का विकास नहीं हो सका। उन्होंने सपा एवं बसपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि प्रदेश में उक्त पार्टी की सरकारों ने दलितों के उत्थान के लिए चिंतन ही नहीं किया। सपा ने दलितों को ठगा है तो कांग्रेस ने भी दलितों को केवल झुनझुना दिया है। अब दलित किसी के भी झांसे में नहीं आएंगे। प्रदेश में हुए सपा एवं बसपा गठबंधन के बारे में कहा कि दोनों ने गठबंधन इसलिए किया ताकि चुनाव में दो-चार सीटें जीत पाकर अपना वजूद बचा सके। पिछले लोक सभा के चुनाव में बसपा का खाता ही नहीं खुला और विधान सभा की 20 सीटें भी नहीं जीत सकी। सपा ने दलितों के प्रमोशन में रिजर्वेशन का विल लोकसभा में फड़वाया। दलितों के लिए शौचालय, बिजली, पानी एंव सड़क देने का काम यदि किसी ने किया है तो केवल केंद्र की नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश की योगी की सरकार है। उन्होंने कहा कि दलितों के उत्थान के लिए प्रदेश में 724 गांव का चयन किया गया है। केंद्र ने इन गांवों के विकास के लिए 74 करोड़ की धनराशि भी भेज दी है। इस बजट से अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा जरूरी सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाएगा। जिसमें स्वच्छ पानी, शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र, कूड़ा निस्तारण आदि की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में कृपा शंकर श्रीवास्तव, सुरेंद्र विक्रम सिंह, संतोष जायसवाल, रवि पटवा, मनोज सिंह, विक्रम, रवि गुप्ता सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।