जौनपुर। राफेल समझौते के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी द्वारा देश की जनता को गुमराह करने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन कलेक्ट्रेट में डीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने कहा कि इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय में चार याचिकाएं दाखिल की गईं। 14 दिसंबर को सर्वोच्च न्यायालय ने सभी याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप पाया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि समझौते पर लोगों की निजी धारणा क्या है यह मायने नहीं रखता। उन्होंने मांग किया कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने तथा भारत की साख से समझौता कर जनता से बोले गए गंभीर झूठ के लिए लोक सेवक के पद से मुक्त किया जाए। इस दौरान अशोक श्रीवास्तव, ईश्वर देव सिंह, सुधांशु सिंह, नीरज सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सुरेंद्र सिंहानियां, संगीता अग्रवाल, संदीप तिवारी, पुष्पराज सिंह, पीयूष आदि मौजूद रहे।