नगर में चल रहे सड़क के चौड़ीकरण के कारण मकान मालिक और किराएदारों में विवाद खड़ा गया है। मकान टूटने के कारण कस्बे में कई मकान मालिक और किराएदार आमने सामने हो गए हैं। कई जगहों पर मकान मालिक और किरायेदारों के बीच गतिरोध बना हुआ है। मामले को लेकर गुरुवार को दोनों पक्ष उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए। वहां पर उनकी आपस में कहासुनी हुई। लोगों ने एसडीएम जेएन सचान व कार्यालय में मौजूद नगर पालिका परिषद के नव निर्वाचित अध्यक्ष गीता जायसवाल के पति प्रदीप कुमार जायसवाल के साथ तीखीं नोंकझोंक भी हुई। काफी देर तक कार्यालय में हंगामा और नारेबाजी होती रही। एसडीएम के सामने दर्ज बयान करते समय मकान मालिक फफक कर रोने लगे। नगर के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण के लिए मकान मालिक अपने भवनों को तोडने का काम कर रहे हैं। कई जगहों पर उनको इस काम में किरायेदारों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। किराएदारों का कहना है कि निर्माण हटाने की आड़ में उनको बाहर निकालने की साजिस की जा रही है। उधर, मकान मालिक निर्माण को तोड़ देना अपनी मजबूरी बता रहे हैं। ऐसे कई मामले नगर के मुख्य मार्ग पर हैं। जहां मकान मालिक और किरायेदारों के बीच गतिरोध बना हुआ है। दोनों पक्षों में इस बात को लेकर तनाव की स्थिति भी बनी हुई है। किराएदारों का आरोप है कि चिन्हीकरण के बाद मकान मालिकों द्वारा जबरन पूरा मकान गिरा रहे हैं। जिसमें किराएदारों का भारी नुकसान के साथ बेरोजगारी की नौबत आ गयी है। एसडीएम जेएन सचान ने कहा कि नगर के चौड़ीकरण के लिए प्रशासन अपने स्तर से जिन जगहों पर निर्माण नहीं हटेगा उसे हटाने का काम करेगा।